Jamshedpur : जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोरे-भोर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनएच-18 पर होटल ओम कृष्ण के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बताया जा रहा है कि बहरागोड़ा के दो युवक पश्चिम बंगाल से अपने घर लौट रहे थे। उसी दौरान सड़क किनारे खड़े टैंकर से कार सीधे उसके पीछे से जा भिड़ी।
दो युवक घायल, एक की हालत नाजुक
हादसे में कार सवार दोनों युवक घायल हो गए। सौरभ नायक को हल्की चोटें आईं, जबकि ईचड़ाशोल निवासी सौरभ मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की वजह से वह बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया। उनकी इस तत्परता से समय पर इलाज मिल सका।
बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर
सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद सौरभ नायक को छुट्टी दे दी गई। वहीं सौरभ मंडल की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पहले पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे कटक ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
Also Read : असम चुनाव में झारखंड के नेताओं की एंट्री, 28 को हेमंत की सभा, 29 को बाबूलाल का दौरा


