Bokaro : बोकारो समाहरणालय के सभाकक्ष में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम DC अजय नाथ झा के निर्देश पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने की।
जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों से करीब 20 लोग पहुंचे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं। इनमें अस्पताल के बिल माफ कराने, जमीन विवाद, पेंशन, रोजगार, शिक्षा और अन्य सरकारी सुविधाओं से जुड़े मामले शामिल थे।
अपर समाहर्ता ने सभी आवेदकों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए। कई मामलों का तुरंत समाधान किया गया, जबकि बाकी मामलों को जल्द निपटाने का आदेश दिया गया।
मो. मुमताज अंसारी ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद का माध्यम है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान बिना देरी के हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाए और पारदर्शिता व संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन आम जनता की सुविधा और विश्वास को प्राथमिकता देता है और इसी तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।


