स्वर्णरेखा नदी में नहाने उतरा युवक डूबा, 20 घंटे से तलाश जारी

सरायकेला: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कपाली स्थित स्वर्णरेखा नदी में दोस्तों संग नहाने उतरा युवक डूब गया। गोताखोरों की मदद से पिछले 20 घंटे से उसे खोजने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई अता-पता नहीं चल पाया था। घटना सरायकेला खरसावां जिला के कपाली ओपी थाना क्षेत्र ​स्थित डोबो नदी घाट की है। युवक की पहचान आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी 26 वर्षीय प्रसेनजीत कुमार के रूप में हुई है।

दोस्तों को साथ आया था नहाने

बताया जा रहा है कि बीती शाम 6 बजे के आसपास प्रसेनजीत कुमार अपने दोस्तों के साथ नहाने नदी घाट आया था। इसी क्रम में प्रसेनजीत स्वर्णरेखा नदी के गहरे पानी में डूब गया। देर शाम से ही कपाली पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। गोताखोर अब भी उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।