Dhanbad : धनबाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 कछुओं को तस्करी से बचाया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गाड़ी संख्या 13010 (योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस) के जनरल कोच में की गई। गिरफ्तार तस्करों के नाम राम दास और हिमांशु वैध हैं।
तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे पिछले दो वर्षों से कछुओं की तस्करी कर रहे थे और महीने में दो से तीन बार यह काम करते थे। वे कछुओं को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के अतरुलिया थाना क्षेत्र से 120 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदते और पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में कार्तिक साहा नामक व्यक्ति को बेचते थे।
RPF ने तस्करों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया। वन विभाग ने बरामद कछुओं को सुरक्षा और संरक्षण प्रदान किया और दोनों तस्करों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
RPF अधिकारियों ने बताया कि वे कछुआ तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कछुआ तस्करी एक गंभीर अपराध है और इसके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : नेशनल चैंपियन झारखंड U-14 फुटबॉल टीम ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात, सीएम ने दी बधाई


