Saraikela : सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल सवार युवक हेलमेट पहनने की वजह से गंभीर चोटों से बच गया। घटना हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर छोटानागपुर कॉलेज, हेंसल के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर गिर पड़ा। हेलमेट टूट गया, लेकिन इसने युवक के सिर को गंभीर चोट लगने से बचा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर युवक हेलमेट नहीं पहनता, तो गंभीर चोट या जान का खतरा था।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने तुरंत मदद की। 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई और घायल युवक रूपाय सोरेन (पोटका क्षेत्र, कालिकापुर) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कहा कि युवक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
रूपाय ने बताया कि वह सुबह अपने बच्चे से मिलने स्कूल जा रहा था। सड़क पर ओस जमी होने के कारण दृश्यता कम थी और इसी वजह से सड़क किनारे खड़े ट्रक को समय पर नहीं देख पाया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
Also Read : पटना में प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ा, होटल, अस्पताल और बैंक पर लगेगा दोगुना टैक्स
Also Read : भारत–दक्षिण अफ्रीका तीसरा टी20 आज धर्मशाला में… जानें संभावित प्लेइंग-11


