New Delhi : दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसका सबसे अधिक असर रेलवे और हवाई सेवाओं पर पड़ा। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर रनवे पर दृश्यता कम होने के कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और कई उड़ानें देरी से चलीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे उड़ान से पहले एयरलाइन या एयरपोर्ट की वेबसाइट पर रियल-टाइम अपडेट जरूर चेक करें। रेलवे सेवाओं पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। सुरक्षा के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम रखी गई, जिससे दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। खासकर नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर यह समस्या ज्यादा देखने को मिली।
नई दिल्ली स्टेशन पर कुछ प्रमुख लेट ट्रेनें :
- बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस – 6 घंटे 30 मिनट लेट
- भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस – 5 घंटे 10 मिनट लेट
- रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस – 4 घंटे लेट
आनंद विहार टर्मिनल पर लेट ट्रेनें :
- जयनगर-आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस – 3 घंटे 17 मिनट लेट
- सत्याग्रह एक्सप्रेस – 1 घंटे 16 मिनट लेट
हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर लेट ट्रेनें :
- महाकौशल एक्सप्रेस – 3 घंटे 53 मिनट लेट
- चेन्नई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस – 2 घंटे 51 मिनट लेट
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कोहरे के कारण लोको पायलटों को सिग्नल देखना मुश्किल हो रहा है, इसलिए सभी ट्रेनों की गति सीमित रखी जा रही है। यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस चेक करने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने भी कहा कि ग्राउंड स्टाफ सभी टर्मिनलों पर मौजूद हैं और यात्रियों की मदद के लिए तैयार हैं। हालांकि कोहरा धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन यात्रियों को उड़ान के समय अपडेट जरूर चेक करने को कहा गया है।
Also Read : बिहार में नई पहल : ‘डिजिटल दीदी सह सक्षमा दीदी’ से ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच


