Dumka : दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांस लदी चाइना ट्रॉली की टक्कर से 24 वर्षीय राहुल दास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डिलीवरी का काम करता था राहुल
मृतक राहुल दास नगर थाना क्षेत्र के मोचीपाड़ा का रहने वाला था और एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था।परिजनों के मुताबिक, बीती रात किसी दोस्त का फोन आने पर वह घर से निकला था, लेकिन सुबह करीब चार बजे हादसे की जानकारी मिली।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई मुकेश का कहना है कि ट्रॉली ने टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल ले जाकर औपचारिकता पूरी कर चली गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भी समय पर इलाज शुरू नहीं किया गया, अगर तुरंत इलाज मिलता तो शायद राहुल की जान बच सकती थी।
CCTV फुटेज की मांग
परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए इलाके के CCTV फुटेज की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इससे हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकती है और दोषी की पहचान हो पाएगी।
सड़क जाम कर जताया विरोध
सोमवार को आक्रोशित लोगों ने जेल रोड स्थित दुर्गा स्थान के पास सड़क जाम कर दिया। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
कार्रवाई की मांग, बढ़ता दबाव
इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा और नाराजगी का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read : रामगढ़ में होमगार्ड बहाली अटकी, छात्रों का डीसी ऑफिस तक पैदल मार्च


