रांची. इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) के 2018 बैच के पूर्व छात्र और जन सुराज पार्टी के सोशल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव रांची में रेलवे पटरी के किनारे मिला है. रांची पुलिस की टीम ने शव बरामद किया. उनकी पहचान जेब में रखे पर्स से हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है. फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
जानकारी के मुताबिक, देवपालिक गुप्ता रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12366) में सवार हुए थे. ट्रेन के C2 कोच में उनकी सीट नंबर 50 थी, जो विंडो साइड की सीट थी. मूरी जंक्शन से पहले उन्होंने अपने दोस्तों से कहा था कि वे पेंट्री कार से कुछ खाने के लिए लेकर आते हैं. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला.
काफी देर तक वापस नहीं लौटने और उनसे संपर्क नहीं हो पाने के बाद दोस्तों और परिवार की चिंता बढ़ गई. उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था. परिजनों ने रांची और पटना, दोनों जगह जीआरपी को इसकी सूचना दी. रेल पुलिस ने ट्रेन में तलाशी ली, लेकिन उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे.
मीडिया संस्थानों में कर चुके थे काम
देवपालिक गुप्ता IIMC से पढ़ाई पूरी करने के बाद कई मीडिया संस्थानों में काम कर चुके थे. पिछले कुछ महीनों से वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के सोशल मीडिया मैनेजर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
उनके लापता होने की खबर सामने आने के बाद IIMC के पूर्व छात्रों, पत्रकारों और परिचितों ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई थी. उनकी तलाश के लिए अपील भी की गई थी. अब रांची में उनका शव मिलने से परिवार, दोस्तों और पत्रकारिता जगत में शोक का माहौल है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही उनकी मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read : झारखंड : बोर्ड-निगम अपने वकील रख सकेंगे, झारखंड हाईकोर्ट ने नियमावली को ठहराया सही

