Bokaro : बोकारो के समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा ने की। बैठक में जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि जिले के सभी कार्यालयों में स्वच्छ और क्रियाशील शौचालय उपलब्ध होने चाहिए। पुरुष और महिला के लिए अलग-अलग चिन्हित शौचालय रहना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि हर अधिकारी कार्यालय छोड़ने से पहले शौचालय का निरीक्षण जरूर करें।
बोकारो प्रेस क्लब भवन निर्माण में तेजी
डीसी ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को बोकारो प्रेस क्लब भवन निर्माण कार्य की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण जल्द शुरू हो सके।
जिले को मानवशास्त्र शोध केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर
उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में मानवशास्त्र शोध को बढ़ावा देने की काफी संभावनाएं हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी को इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
नशा मुक्त कार्यालय प्रमाण पत्र नहीं देने पर वेतन भुगतान रुकेगा
नशा मुक्ति अभियान के तहत उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को शीघ्र नशा मुक्त प्रमाण पत्र जमा करने को कहा। निर्देश दिया कि जो भी कार्यालय यह प्रमाण पत्र नहीं देंगे, उनके वेतन की निकासी अगले आदेश तक रोक दी जाएगी।

ट्रांसजेंडर समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर बल
ट्रांसजेंडरों के लिए आईडी कार्ड निर्माण और सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्र करने का निर्देश दिया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि अब तक 10 ट्रांसजेंडरों के आईडी बन चुके हैं। उपायुक्त ने कहा कि सभी ट्रांसजेंडरों को जल्द शामिल कर उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
Goat बैंक को मजबूती देने के निर्देश
गांवों में स्वरोजगार बढ़ाने की दृष्टि से Goat बैंक को महत्वपूर्ण बताया गया। उपायुक्त ने कहा कि बीडीओ, कृषि पदाधिकारी और बैंक अधिकारी मिल कर समन्वय के साथ काम करें ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
बढ़ती ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था
डीसी ने सभी प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौक–चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से अलाव जलेंगे। बीडीओ को इसकी दैनिक निगरानी के निर्देश मिले हैं।
विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में छात्रवृत्ति मंत्री बनाए जाएं, जो विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र उच्च शिक्षा के लिए लोन प्राप्त कर सकते हैं।
किसानों का कम निबंधन होने पर नाराजगी
उपायुक्त ने किसानों का निबंधन कम होने पर चिंता जताई। जिला सहकारिता पदाधिकारी को पंचायत और प्रखंड स्तर पर बैठक कर किसानों को निबंधन के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
दीदियों को मुद्रा लोन मंजूरी की कम दर पर असंतोष
उन्होंने कहा कि दीदियों को मुद्रा लोन की स्वीकृति बढ़ाने के लिए प्रखंड स्तर पर साप्ताहिक बैठकें हों। जेएसएलपीएस को गांवों में जाकर महिलाओं को विभिन्न कार्यों से जोड़ने के निर्देश दिए गए। एलडीएम को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोन स्वीकृति बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर की निदेशक मेनका, कई एसडीओ, जिला स्तरीय अधिकारी एवं सभी प्रखंडों के अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : JSSC CGL 2023 का रिजल्ट जारी… देखें लिस्ट


