Chaibasa : चाईबासा के गुवा क्षेत्र में ठेका मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर कल जोरदार प्रदर्शन किया। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में मजदूर सेल जनरल ऑफिस के सामने जुटे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और गुवा सेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन का पुतला दहन किया गया।
मजदूरों की मुख्य मांगें
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो रात्रि पाली में खदान क्षेत्र जाने वाली बसों को रोक दिया जाएगा। मजदूरों ने निम्नलिखित मांगें उठाईं-
कोलकाता स्थित सेल गेस्ट हाउस में ठेका श्रमिकों के लिए बंद की गई चिकित्सा सुविधा को बहाल करना।
खदान में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाना।
स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड कर्मियों की सूची तैयार करना।
ठेका कर्मियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराना।
स्थानीय अप्रेंटिस, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा धारकों को बहाली में प्राथमिकता।
आसपास के गांवों के युवाओं को स्थानीय रोजगार में वरीयता देना।
प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता
शुक्रवार की देर रात यूनियन और सेल प्रबंधन के बीच लंबी वार्ता हुई। चर्चा के बाद प्रबंधन ने अधिकांश मांगों पर सहमति जताते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। साथ ही राजाबुरु खदान को शीघ्र शुरू करने और प्रभावित गांवों के लोगों को स्थानीयता के आधार पर रोजगार देने का वादा किया गया।
70 स्थानीय ग्रामीणों की मेडिकल जांच
वर्तमान में खदान के ठेकेदार ‘मां सरला प्राइवेट वर्क’ द्वारा 70 स्थानीय ग्रामीणों की मेडिकल जांच कराई जा रही है।
आंदोलन समाप्त
वार्ता और आश्वासन के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। प्रदर्शन में यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ समेत बड़ी संख्या में ठेका मजदूर मौजूद थे।
Also Read : कोडरमा से चलने लगी अमृत भारत एक्सप्रेस, होली पर तीनों ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए

