Saran : सारण जिले के लिए 22 जनवरी यानि गुरुवार का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार का छपरा दौरा तय हो गया है। वे समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को सारण पहुंचेंगे और जिलेवासियों को 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान 200 से अधिक योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
बिंदटोलिया बस स्टैंड परिसर में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्य कार्यक्रम बिंदटोलिया स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक बस स्टैंड परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री का भव्य मंच सजेगा। कार्यक्रम स्थल पर मिट्टी भराई, समतलीकरण, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वयं तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।
व्यस्त रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
सीएम नीतीश कुमार तेलपा हवाई अड्डा पर आगमन के बाद सदर प्रखंड में जीविका द्वारा संचालित कपड़ा सिलाई फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे नैनी हाई स्कूल और उमधा गांव स्थित शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण करेंगे तथा शिक्षा से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात बिंदटोलिया में महिला आईटीआई केंद्र का उद्घाटन करेंगे और मुख्य जनसभा को संबोधित करते हुए विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
जिले में उत्साह का माहौल
सीएम के आगमन और बड़ी संख्या में विकास योजनाओं की घोषणा को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर विकास कार्यों और कार्यक्रम संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
Also Read : छात्रसंघ चुनाव पर ब्रेक: DSPMU में परिचय पत्र नहीं बनने से प्रक्रिया अटकी


