Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को मुंगेर पहुंचे। यहां उन्होंने कुल 119 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कई योजनाओं का लाभ लिया और जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित भी किया।
जीविका दीदियों के स्टॉल का किया निरीक्षण
मुंगेर दौरे के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं के काम की सराहना की और उनसे बातचीत भी की। इस दौरान स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
लालू-राबड़ी शासनकाल पर फिर साधा निशाना
जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर लालू-राबड़ी शासनकाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार की हालत खराब थी। नीतीश ने कहा कि उस समय लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे। स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने के बाद राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और तेजी से विकास हुआ।
सम्राट चौधरी के साथ दिखा खास पल
कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बीच नजदीकी का दृश्य देखने को मिला। भाषण के बाद जब सम्राट चौधरी अपनी सीट पर लौट रहे थे और उन्होंने मुख्यमंत्री को अभिवादन किया, तो नीतीश कुमार ने उनके कंधे पर हाथ रख दिया। इस घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सम्राट चौधरी को लेकर सियासी चर्चा तेज
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जेडीयू नेता नीरज कुमार से भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह व्यवहार स्नेह और आशीर्वाद के रूप में देखा जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि आगे मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी।
समृद्धि यात्रा से विकास पर फोकस
सीएम नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का मकसद राज्य के विकास कार्यों को जमीन पर देखना और जनता से सीधा संवाद करना बताया जा रहा है। मुंगेर में हुई घोषणाओं को भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Also Read : बजट सत्र के समापन पर सीएम का बड़ा ऐलान, विकसित झारखंड के लिए दोहराया संकल्प


