Ranchi : राजधानी में नगर निगम चुनाव के तहत सोमवार को मतदान जारी है। सीएम हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ हरमू स्थित संत कुलदीप स्कूल पहुंचकर वार्ड संख्या 26 के मतदान केंद्र संख्या 7 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सीएम निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने कतार में खड़े मतदाताओं का अभिवादन किया और मतदान कर बाहर निकले। इस दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। मतदान के बाद सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों से निकलकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और शहर के विकास के लिए योग्य जनप्रतिनिधि का चयन करें।

11 बजे तक मतदान की रफ्तार धीमी
राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने बताया कि सुबह 11 बजे तक शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
बूथों के बाहर छिटपुट घटनाएं
कुछ स्थानों पर बूथ परिसरों के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक की सूचना मिली है। हालांकि निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदान केंद्र के भीतर गड़बड़ी की खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।
Also Read : पलामू में दोपहर 1 बजे तक 38.60% मतदान, DC -SP खुद कर रहे मॉनिटरिंग

