Deoghar : देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार रविवार को दो दिवसीय दौरे पर देवघर पहुंच रहे हैं। वे रविवार दोपहर 12:50 बजे दिल्ली से देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।
देवघर पहुंचने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त सबसे पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे शहर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद उनका काफिला एम्स देवघर जाएगा, जहां वे संस्थान का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को वे पुनः बाबा बैद्यनाथ धाम लौटकर भव्य श्रृंगार पूजा में शामिल होंगे।
सोमवार सुबह 8:30 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त देवघर से दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। वहां दर्शन के बाद वे करीब 10 बजे दुमका के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। अल्पाहार के बाद वे वापस देवघर लौटेंगे। देवघर पहुंचकर तपोवन स्थित मोहनानंद प्लस टू विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वे बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद वे मीडिया से भी बातचीत करेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे को लेकर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने तपोवन पहाड़ और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि दौरे के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Also Read : रोड एक्सीडेंट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौ’त, युवक की हालत गंभीर


