Chaibasa ; चाईबासा जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। तांतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बिना परमिट बालू ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को तांतनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने दारा और तुईबाना गांव के आसपास छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो ट्रैक्टरों को रोका गया, जिन पर बालू लदा हुआ था।
जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों के पास बालू परिवहन से जुड़े कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया। पुलिस ने जब्त वाहनों की जानकारी खनन विभाग को दे दी है। मामले में खनन अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तांतनगर पुलिस ने बताया कि पहले भी अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध बालू खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


