Sasaram : CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने सासाराम हेड पोस्ट ऑफिस में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोस्टमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पोस्टमैन की पहचान श्रीलाल के रूप में हुई है, जो ग्रामीण डाक सेवक की ट्रांसफर फाइल आगे भेजने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था।
ट्रांसफर फाइल भेजने के नाम पर रिश्वत
सीबीआई के अनुसार, यह रिश्वत रोहतास प्रमंडल में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक बिट्टू कुमार करवार से मांगी गई थी। बिट्टू कुमार का प्रमोशन होने के बाद उन्हें 29 नवंबर 2025 को भभुआ सब डिवीजन से विरमित किया गया था, लेकिन विरमण आदेश की प्रति उन्हें 30 दिसंबर 2025 को मिली।
दिल्ली में जॉइनिंग से रोका गया
बिट्टू कुमार ने बताया कि वह 31 दिसंबर को दिल्ली में नई पोस्टिंग पर योगदान देने पहुंचे थे, लेकिन वहां यह कहकर लौटा दिया गया कि उनकी फाइल रोहतास डिवीजन से भेजी ही नहीं गई है। फाइल नहीं पहुंचने के कारण उनकी जॉइनिंग अटक गई।
पहले 50 हजार, बाद में 30 हजार में सौदा
दिल्ली से लौटने के बाद बिट्टू कुमार ने कई बार डाक अधीक्षक कार्यालय से संपर्क किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी दौरान 12 जनवरी को डाक अधीक्षक मारुति नंदन के ड्राइवर और पोस्टमैन श्रीलाल ने उन्हें बुलाकर फाइल भेजने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 30 हजार रुपये तय हुई।
सीबीआई ने बिछाया जाल, आरोपी धराया
रिश्वत से परेशान होकर बिट्टू कुमार ने सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और 30 हजार रुपये लेते समय पोस्टमैन श्रीलाल को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ अधिकारी की भूमिका की जांच
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में श्रीलाल ने दावा किया है कि वह यह रकम अपने वरिष्ठ अधिकारी डाक अधीक्षक मारुति नंदन के कहने पर ले रहा था। इस खुलासे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
छापेमारी जारी, डाक अधीक्षक लापता
सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी पोस्टमैन के आवास पर छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं डाक अधीक्षक मारुति नंदन अपने आवास से फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
डाक विभाग में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद सासाराम हेड पोस्ट ऑफिस सहित पूरे डाक विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है। सीबीआई मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य अधिकारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
Also Read : BREAKING : लापता अंश-अंशिका मिले रामगढ़ के चितरपुर में, दो लोग भी गिरफ्तार


