Gumla : जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पालकोट और सिसई क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियों को घूमने के बहाने बुलाकर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
दोस्ती के नाम पर रची गई साजिश
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िताओं में से एक युवती की दोस्ती एक आरोपी से थी। उसी ने उसे घूमने के बहाने गुमला बुलाया। युवती अपनी एक सहेली के साथ पहुंची। आरोपी भी अपने एक दोस्त को साथ लेकर आया। दोनों युवकों ने अपनी-अपनी बाइक से युवतियों को सिसई इलाके की ओर घुमाने ले गए।
बीयर पिलाकर सुनसान जगह ले गए
शाम होने के बाद आरोपियों ने सिसई में बीयर खरीदी और फिर युवतियों को जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां दोनों के साथ दुष्कर्म किया गया।
एक युवती भागी, लोकेशन भेजकर दी सूचना
घटना के दौरान एक पीड़िता किसी तरह आरोपियों से बचकर भाग निकली। वह पास के पुआल में छुप गई और मोबाइल से अपनी लोकेशन भेजकर परिजनों को सूचना दी। वहीं दूसरी युवती आरोपियों के चंगुल में फंसी रही। बाद में एक और युवक को बुलाया गया और तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
देर रात थाने पहुंचीं पीड़िताएं
किसी तरह जान बचाकर दोनों युवतियां रविवार देर रात थाना पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक डुमरडीह पंचायत और दूसरा असनी नकटीटोली का रहने वाला बताया जा रहा है। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Also Read : बेलाखोंडा में हरियाली की नई शुरुआत, बीसीसीएल की 9.81 एकड़ जमीन वन विभाग को मिली

