रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जोहार लाइव की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट सामने आने के बाद अब पूर्व बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह ने कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने जोहार लाइव की रिपोर्ट को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते की गिरफ्तारी की मांग की है.
जोहार लाइव की रिपोर्ट के मुताबिक, TDPL को JPSC की परीक्षाओं का काम दिलाने के लिए तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के साथ कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की डील तय किए जाने की बात सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार कंपनी को JPSC से होने वाली कुल बिलिंग का 20 प्रतिशत कमीशन दिए जाने की शर्त तय हुई थी.
रिपोर्ट में इस पूरे मामले से जुड़े कथित घटनाक्रम और बैठकों का सिलसिलेवार ब्यौरा सामने रखा गया है. इसमें होटल रेडिसन ब्लू में हुई कथित मुलाकात, TDPL के प्रजेंटेशन, मोरहाबादी मैदान में हुई बातचीत और स्टेट गेस्ट हाउस में हुई बैठक का उल्लेख किया गया है.
जोहार लाइव की रिपोर्ट के मुताबिक, इन घटनाक्रमों के बाद जून 2025 में TDPL को JPSC की परीक्षाओं के संचालन से संबंधित एग्रीमेंट और वर्क ऑर्डर दिया गया.
CID जांच के बीच पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग
JPSC की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद CID इस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान JPSC और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी TDPL से जुड़े कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. वहीं, JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से CID कई दौर में पूछताछ कर चुकी है.




