Breaking News नेपाल भागने की तैयारी में था धर्म परिवर्तन करवाने का आरोपी तनवीर खान, अररिया से रांची पुलिस ने पकड़ा

रांची। बिहार की मॉडल के साथ यौन उत्पीड़न व धर्म परिवर्तन मामले में आरोपी तनवीर खान को रांची पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के अररिया जिला अंतर्गत सिकटी थाना क्षेत्र में रहने वाले अमित कुमार के घर से पकड़ा गया है। रांची पुलिस की टीम ने हफ्ते दिन से रेकी करने के बाद पकड़ा है। इससे पूर्व आरोपी तनवीर खान नेपाल भागने की तैयारी में था। उसके सहयोगियों ने तनवीर को नेपाल भेजने की पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन, ऐन वक्त पर रांची पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर पकड़ा है। फिलहाल आरोपी तनवीर खान से सिकटी थाना में पूछताछ चल रही हैं। गुरुवार को ट्रांजिट मिलने पर रांची पुलिस लेकर लौटेगी। इधर, एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि पिछले 10 दिनों से पुलिस टीम अररिया में कैम्प की हुई थी। आरोपी तनवीर खान की खोज में रांची पुलिस की टीम बिहार-नेपाल बॉर्डर इलाके को अच्छे से खंगाल चुकी थी। उसके कुछ दोस्तों से भी पूछताछ हुई थी। लेकिन, किसी ने पुलिस की मदद नहीं कि। फिर बुधवार को गुप्त सूचना मिली। जिसके बाद टीम ने सिकटी थाना क्षेत्र से छापेमारी कर पकड़ा है।

8 जून को रांची पुलिस ने पीड़ित मॉडल का दर्ज कराया था बयान
रांची पुलिस ने इस मामले में आठ जून को मॉडल का रांची के कोर्ट में 164 का बयान दर्ज कराया था। इससे एक दिन पूर्व उसका मेडिकल टेस्ट भी कराया जा चुका था।

क्या है मामला
भागलपुर की रहने वाली मॉडल ने रांची के तनवीर अख्तर पर यौन शोषण करने और जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। तनवीर अख्तर रांची में यश मॉडलिंग एजेंसी चलाता था। उक्त युवती यहां मॉडिलंग करने आयी थी। इसी दौरान उसका संपर्क तनवीर से बढ़ा था। उक्त युवती ने मुंबई के वसोर्वा में मामला दर्ज कराया था। जिसे बाद रांची के गोंदा थाना में भी मामला दर्ज हुआ था। इस मामले की जांच रांची के गोंदा पुलिस कर रही है। मामले में रांची पुलिस मुंबई जाकर मॉडल का बयान और प्रताड़ित किये गये वीडियो फुटेज लेकर आयी थी।