Ranchi : झारखंड के बोकारो कोषागार से वेतन की अवैध निकासी मामले में सीआईडी की एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान टीम ने अब तक 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की मनी ट्रेल का पता लगाया है। इसे इस मामले में अब तक का सबसे बड़ा खुलासा माना जा रहा है।
सीआईडी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने पैसे के लेन-देन की गहराई से जांच की। इसमें अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए 1.80 करोड़ रुपये को चिन्हित कर फ्रीज कर दिया गया है। इसके अलावा 18 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को भी सीज किया गया है। गुरुवार को एसआईटी ने अशोक भंडारी के बोकारो स्थित घर पर छापेमारी की। यहां से पुलिस को निवेश और संपत्ति से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले। इनमें तेलीडीह इलाके में 4.08 डिसमिल जमीन पर बना तीन मंजिला मकान और 4.98 डिसमिल की दूसरी जमीन के कागजात शामिल हैं।
इस मामले में सीआईडी रांची की टीम ने गुरुवार को बोकारो एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में तैनात आरक्षी काजल मंडल को गिरफ्तार किया है। उसे पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया है। काजल पर मुख्य आरोपी कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी होने का आरोप है। गिरफ्तारी से पहले टीम ने मैनुअल और डिजिटल दोनों तरह के रिकॉर्ड की जांच की। लगातार चार कर्मचारियों की गिरफ्तारी से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पहले भी इस घोटाले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लेखापाल कौशल कुमार पांडेय को मास्टरमाइंड माना जा रहा है। वहीं होमगार्ड सतीश कुमार और जमादार अशोक भंडारी को उसके सहयोगी के रूप में पकड़ा गया था।
इधर, गुमला जिले में भी वेतन मद में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां 28.39 लाख रुपये की कथित अवैध निकासी का खुलासा हुआ है। यह मामला महालेखाकार द्वारा आईएफएमएस डाटा की जांच के दौरान सामने आया। बताया जा रहा है कि यह गड़बड़ी साल 2017 से 2025 के बीच हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमला के डीसी दिलेश्वर महतो ने संबंधित अधिकारियों से तुरंत जांच रिपोर्ट मांगी है। डीएसई और अन्य विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है, ताकि मुख्यालय को सही जानकारी दी जा सके। जांच में जिन अधिकारियों और डीडीओ को चिन्हित किया गया है, उनमें डीएसपी बीरेंद्र टोप्पो, घनश्याम चौबे और प्रियाश्री भगत के नाम शामिल हैं। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


