Ranchi : राजधानी के रातू थाना क्षेत्र के बसाईर टोली तिगरा गांव में बीती रात एक कुएं से दो बुजुर्गों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे हादसे का मामला मान रही है। मृतकों की पहचान बंधन भगत (50 वर्ष) और पुनई उरांव (60 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों रविवार को लोटा-पानी (छेका) रस्म में शामिल होने तिगरा आए थे, लेकिन उसके बाद से लापता थे।
ग्रामीणों ने कुएं से शव निकाल लिए
मिली जानकारी के अनुसार, बंधन भगत और पुनई उरांव अपने गांव जरिया बेड़ो से आए थे। रस्म के बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार रात स्थानीय ग्रामीणों को कुएं में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जैसे ही खबर फैली, लोग इकट्ठा हो गए। जांच में पता चला कि पानी के अंदर दोनों बुजुर्गों के शव हैं। ग्रामीणों ने किसी तरह शवों को कुएं से बाहर निकाला और मृतकों की पहचान कर ली। शव मिलने की खबर फैलते ही जरिया बेड़ो के लोग तिगरा पहुंचे और शवों को अपने साथ ले गए। इस दौरान पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
रातू थाना प्रभारी रामनरायण ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस को जानकारी नहीं दी गई थी। बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम जरिया बेड़ो रवाना हुई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रातू अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा।
कुएं में गिरने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बुजुर्ग रात के अंधेरे में कुएं में गिर गए। कुएं गांव के बीचों-बीच स्थित है और इसकी गहराई करीब 30 फीट बताई जा रही है। आसपास कोई रेलिंग या सुरक्षा उपाय न होने के कारण हादसे की संभावना जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
Also Read : मर्सिडीज बोनट विवाद में बढ़ी तकरार, दोनों पक्ष ने दर्ज कराई FIR


