Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) के नॉन-टीचिंग कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में कर्मचारी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर काले बिल्ले लगाकर धरने पर बैठे हैं और अपने विरोध में जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं।
कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के सेवा विस्तार पर विवाद
कर्मचारियों का कहना है कि पहले तक कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले स्टाफ का सेवा विस्तार 11 महीने के लिए किया जाता था। लेकिन नए कुलपति के आने के बाद यह नियम बदल दिया गया। अब सभी कर्मचारियों का रिन्यूअल केवल मार्च तक किया जाएगा। कर्मचारियों ने सवाल उठाया है कि जिनका कार्यकाल दिसंबर या जनवरी में खत्म हो रहा है, उनका भी सिर्फ मार्च तक का विस्तार करना पुराने प्रावधानों के खिलाफ है। इस फैसले को लेकर कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है।
ACP/MACP और पदोन्नति को लेकर असंतोष
कर्मचारियों का कहना है कि 20-30 साल की सेवा के बावजूद उन्हें ACP/MACP के तहत पदोन्नति का लाभ नहीं मिला। जुलाई 2020 से लागू होने वाले यह लाभ अप्रैल 2025 से रोक दिए गए। इसके अलावा एरियर की कथित रिकवरी को लेकर भी विवाद जारी है। कर्मचारियों ने बताया कि इस पर अदालत से स्थगन आदेश भी मिल चुका है, लेकिन प्रशासन अभी तक कदम नहीं उठा रहा।
आंदोलन जारी, चेतावनी दी गई
कर्मचारियों ने साफ कहा है कि उनकी मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन से जल्द कोई हल नहीं निकला तो प्रदर्शन और तेज हो सकता है।
Also Read : 24 वीरों की शहादत को नमन, 18वें स्थापना दिवस से पहले झारखंड जगुआर ने परिवारों का बढ़ाया मान

