Pakur : पाकुड़ में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा समर्थित नगर अध्यक्ष उम्मीदवार संपा साहा की जीत पक्की करने के लिए जोरदार कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में जिले के सभी 21 वार्डों के जाने-माने कार्यकर्ता शामिल हुए। खास बात यह रही कि नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी सीधे सम्मेलन में पहुंचे और कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों का मार्गदर्शन दिया।
बाबूलाल मरांडी ने दिए जीत के मंत्र
सम्मेलन में बाबूलाल मरांडी ने सभी कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि संपा साहा और वार्ड पार्षद उम्मीदवारों की जीत के लिए पूरी मेहनत करनी होगी। बाबूलाल मरांडी ने पार्टी समर्थित उम्मीदवार को अधिक से अधिक वोट दिलाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सरकार का बार-बार ध्यान नगर निकाय चुनाव समय पर कराने की ओर दिलाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाई कोर्ट के सख्त रुख के बाद ही राज्य सरकार ने चुनाव कराने को गंभीरता से लिया।
पूरी निष्ठा और लगन से काम करें कार्यकर्ता
पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि नगर निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी निष्ठा और लगन से काम करना होगा। उनका कहना था कि इस तरह शहरी आबादी की जरूरतें भी पूरी होंगी और पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबूलाल मरांडी का बयान
सम्मेलन के बाद बाबूलाल मरांडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पार्टी चाहती थी कि निकाय चुनाव पार्टी लाइन पर हों, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार में चुनाव दलगत रूप से कराने की हिम्मत नहीं थी। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में नगर निकाय चुनाव में केवल पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता, सहयोगी और समर्थक ही जीतेंगे। बाबूलाल मरांडी ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकुड़ में संपा साहा को पार्टी ने सपोर्ट किया है और कार्यकर्ता उनकी जीत के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।
हेमंत सरकार के दलगत रवैये पर तंज
बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि नगर निकाय के इलाके के लगभग सभी वोटर भाजपा के वोटर हैं और हेमंत सोरेन यह बात अच्छी तरह जानते हैं। यही कारण है कि उन्होंने चुनाव दलगत रूप से कराने से परहेज किया।
Also Read : ड्यूटी पर देश की हिफाजत, घर पर कब्जे की साजिश! बीएसएफ जवान ने लगाई न्याय की गुहार


