Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों पर बिजली दर बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेजरी घोटाले की स्थिति इतनी गंभीर है कि राज्य के कर्मचारियों और संवैधानिक पदों के वेतन तक के भुगतान में दिक्कत आ रही है।
साहू ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में विफल रही है। 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा को उन्होंने पूरी तरह भ्रामक बताया। उनका कहना है कि यदि सरकार की नीयत साफ होती तो खान-खनिज से मिलने वाली रॉयल्टी और डीएमएफटी जैसे फंड का सही उपयोग कर जनता को राहत दी जा सकती थी, लेकिन इन संसाधनों का इस्तेमाल गलत दिशा में किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जनता की समस्याओं से दूर होती जा रही है। बिजली व्यवस्था की हालत खराब है, ट्रांसफार्मर समय पर नहीं बदले जा रहे और उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। कई लोगों को एक साथ लाखों रुपये के बिल थमा दिए गए हैं, जिससे वे दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। स्मार्ट मीटर को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि इससे आम उपभोक्ता और परेशान हो रहे हैं। अचानक पुराने बिल जोड़कर बड़ी रकम भेजी जा रही है और भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है।
साहू ने कहा कि भाजपा जनता की भावनाओं के साथ खड़ी है और सरकार से बढ़े हुए बिजली दर को तुरंत वापस लेने की मांग करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया, तो पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन तेज करेगी।
Also Read : रामगढ़ में ट्रेजरी घोटाले का खुलासा, पशुपालन विभाग से 35 लाख की अवैध निकासी


