Ranchi : झारखंड में आगामी 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। भाजपा ने तय किया है कि वह इस बार राज्यसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। यह फैसला भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की अहम बैठक में लिया गया। बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए।
बैठक में राज्यसभा चुनाव से जुड़े सभी राजनीतिक और संगठनात्मक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने चुनावी समीकरण, समर्थन और रणनीति को लेकर मंथन किया। इसके बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भाजपा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगी।
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का प्रत्याशी सिर्फ मैदान में नहीं उतरेगा, बल्कि निश्चित रूप से जीत भी हासिल करेगा। उनके बयान के बाद झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह फैसला आगामी चुनावी रणनीति और संगठन की सक्रियता को दिखाता है। पार्टी इस चुनाव के जरिए अपने राजनीतिक संदेश को मजबूत करना चाहती है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा किस चेहरे को उम्मीदवार बनाती है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र कुमार राय, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, विद्युत वरण महतो, अमर कुमार बाऊरी, श्याम नारायण दुबे, आरती सिंह और गणेश तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Also Read : कांटा टोली-कोकर रोड पर राहगीरों से लूटपाट, हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार


