Ranchi : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में बीती देर रात हथियार के बल पर लूटपाट की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। कांटा टोली से कोकर चौक के बीच कब्रिस्तान के पास चार अज्ञात अपराधियों ने टोटो सवार लोगों और राहगीरों को निशाना बनाते हुए उनसे मोबाइल और नकदी लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, 24 मई को कांटा टोली खादगढ़ा बस स्टैंड से आ रहे एक टोटो को अपराधियों ने रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने हथियार और चाकू का भय दिखाकर टोटो पर सवार लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों से मोबाइल फोन और पैसे लूट लिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों की सूचना पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा और डीएसपी सदर संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए घटना में शामिल दिलकश गद्दी नामक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी का रहने वाला है। उसकी उम्र 28 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक लोडेड देशी कट्टा, एक धारदार चाकू और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में एक नोकिया कंपनी का कीपैड मोबाइल और वीवो कंपनी के दो स्मार्टफोन शामिल हैं। पुलिस ने कुल चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ रांची के अलग-अलग थानों में लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। डोरंडा थाना में वर्ष 2019 में लूट का मामला, लोअर बाजार थाना में चोरी का मामला और डेली मार्केट थाना में भी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : सीएम के निर्देश पर सड़क पर उतरी खूंटी पुलिस, लोगों को पिला रही ठंडा पानी


