Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा सदर अस्पताल की स्थिति एक बार फिर सवालों में है। गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बात की और सुविधाओं का हाल जाना। निरीक्षण के दौरान कई खामियां खुलकर सामने आईं।
डायग्नोसिस सेंटर की हालत खराब
बबीता झा जब डायग्नोसिस सेंटर पहुंचीं तो वहां की गंदगी और अव्यवस्था देखकर नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि डायलिसिस कक्ष में साफ-सफाई का अभाव है। जिस आरओ मशीन से मरीजों का उपचार होता है, वह कई दिनों से खराब है। मरीजों को बाहर से डिस्टिल्ड वाटर खरीदकर लाना पड़ रहा है।
निजी कंपनी पर लापरवाही का आरोप
नेत्री ने आरोप लगाया कि डायग्नोसिस सेंटर को निजी कंपनी को दिया गया है, लेकिन कंपनी सिर्फ दिखावे के लिए काम कर रही है। जांच समय पर नहीं हो रही। कई मरीजों को मजबूरी में दूसरे जिलों में जाना पड़ रहा है।
डायलिसिस में लापरवाही की शिकायत
बबीता झा ने कहा कि जहां डायलिसिस की प्रक्रिया में आठ घंटे लगने चाहिए, वहां मरीजों को केवल डेढ़ घंटे में ही छोड़ दिया जाता है। यह लापरवाही मरीजों की जान के लिए खतरनाक है।
वार्डों की स्थिति भी दयनीय
उन्होंने अस्पताल के कमरों और वार्डों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि स्वास्थ्य मंत्री अपने ही क्षेत्र में व्यवस्था सुधारने में नाकाम रहे हैं।
शिकायत दर्ज, आंदोलन की चेतावनी
अस्पताल की खामियों को लेकर बबीता झा ने सिविल सर्जन से मुलाकात की और पूरी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो भाजपा महिला मोर्चा आंदोलन करने को मजबूर होगी।
Also Read : एसडीओ की कार्यशैली पर वकीलों में रोष, अनिश्चितकालीन कोर्ट बहिष्कार की धमकी


