Patna : बिहार के यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य की प्रमुख सड़कों पर अब रेलवे फाटकों की समस्या धीरे-धीरे खत्म होगी। पथ निर्माण विभाग ने 217 नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) बनाने का फैसला किया है। इस योजना को रेलवे मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
राज्य सरकार और रेलवे मंत्रालय के बीच मई 2019 में आरओबी निर्माण को लेकर समझौता हुआ था। उस समय 44 आरओबी बनाने का निर्णय लिया गया था। इनमें से अब तक 41 आरओबी की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 38 पर काम आवंटित किया जा चुका है।
अब नए फैसले के तहत पथ निर्माण विभाग के अधीन आने वाली सड़कों पर 217 और आरओबी/आरयूबी बनाए जाएंगे। कई जगहों पर भूमिगत रेलवे पुल (आरयूबी) भी बनाए जाएंगे। इस बार इन सभी पुलों की पूरी लागत केंद्र सरकार वहन करेगी, जिससे राज्य सरकार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
रेलवे बोर्ड ने 37 आरओबी की डीपीआर को मंजूरी दे दी है। वहीं 115 आरओबी/आरयूबी की डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है, जिन पर मंजूरी की प्रक्रिया जारी है।
इन पुलों के बन जाने से राज्य के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होगा। रेलवे फाटकों के कारण लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी और व्यापारिक वाहनों की आवाजाही भी आसान हो जाएगी।
मंझौलिया-बेतिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, बरौनी, छपरा, सीवान, कटिहार, सहरसा सहित कई महत्वपूर्ण रेल खंडों पर आरओबी और आरयूबी का निर्माण किया जाएगा।
Also Read : बिहार में बन रहे नए बस स्टॉप, लेकिन अतिक्रमण बना बड़ी समस्या


