Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सारण जिला प्रशासन आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर सक्रिय है। प्रशासन ने सरकारी कर्मचारियों पर कड़ी निगरानी रखी है ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
इसी क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तीन शिक्षकों को आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहला मामला छपरा के राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका प्रियंका कुमारी से जुड़ा है। जांच में पाया गया कि उन्होंने ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम में भाग लिया और सार्वजनिक रूप से अपने राजनीतिक विचार व्यक्त किए, जो आचार संहिता का उल्लंघन है।

दूसरा मामला मध्य विद्यालय रतनपुरा, छपरा सदर के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र कुमार सिंह का है। उन्होंने भी इसी कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ राजनीतिक चर्चा की।
तीसरा मामला नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, धेनुकी, देवरिया के शिक्षक चंद्रमोहन कुमार सिंह का है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक विशेष प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील की।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि निलंबन और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Also Read : छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा, नहाने गए 12 वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबकर…

