Ranchi : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में घर में चोरी कर मोबाइल और नकदी उड़ाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में काली स्थान रोड निवासी 19 वर्षीय मो. अदनान अंसारी और चर्च रोड नाजीर अली लेन निवासी 21 वर्षीय मो. अफसर शामिल हैं। दोनों आरोपी चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार बीते 13 मई को नाजीर अली लेन निवासी अमन ने लोअर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार मो. अफसर पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सदर थाना में चोरी का मामला दर्ज है। वहीं लोअर बाजार थाना में दंगा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, आगजनी और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में भी केस दर्ज हैं। इस कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह और एएसआई अजय कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में भी जानकारी जुटा रही है।
Also Read : “जेल सुपरिटेंडेंट ने महिला कैदी को कर दिया गर्भवती”, बाबूलाल मरांडी का गंभीर आरोप, सीएम को लिखी खुली चिट्ठी


