जापान के आइची-नागोया में आज से 20वें एशियन गेम्स का आगाज हो रहा है. 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में भारत के साथ झारखंड की चार बेटियों पर भी खास नजर रहेगी. भारतीय महिला हॉकी टीम की कमान झारखंड की सलिमा टेटे के हाथ में है. उनके साथ निक्की प्रधान, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग भी टीम का हिस्सा हैं. हॉकी में भारत का अभियान 20 सितंबर से उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से शुरू होगा.
गोल्ड पर नजर, साथ में ओलंपिक टिकट
इस बार महिला हॉकी में एशियन गेम्स का गोल्ड जीतना बेहद अहम है. चैंपियन टीम को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा. ऐसे में भारतीय टीम के लिए जापान में दांव सिर्फ एशियन गेम्स के मेडल का नहीं, बल्कि ओलंपिक टिकट का भी है.
भारत हालिया प्रदर्शन के भरोसे टूर्नामेंट में उतरेगा. अगस्त में हुए महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने 52 साल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया था.
कप्तानी की जिम्मेदारी सलिमा पर
सिमडेगा से निकली सलिमा टेटे के हाथ में इस बार भारतीय टीम की कप्तानी है. मार्च 2026 में वह भारत के लिए 150 इंटरनेशनल मैच पूरे कर चुकी हैं. अब उनके सामने टीम को एशियन गेम्स का गोल्ड दिलाने की चुनौती है.
झारखंड की निक्की प्रधान, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग भी टीम का अहम हिस्सा हैं. भारत 20 सितंबर को उज्बेकिस्तान के बाद इंडोनेशिया, थाईलैंड, जापान और सिंगापुर के खिलाफ ग्रुप मुकाबले खेलेगा.
Also Read : एशियन गेम्स 2026: महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार बेटियां, सलीमा टेटे फिर संभालेंगी कप्तानी

