Rajgir : एशिया कप हॉकी 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला रविवार को राजगीर के मैदान पर होगा। फाइनल में भारत (FIH रैंक-7) और दक्षिण कोरिया (FIH रैंक-15) आमने-सामने होंगे। सुपर-4 चरण में दोनों टीमों का मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था, इसलिए यह मुकाबला रणनीति और अनुभव की कड़ी परीक्षा साबित होगा। पांच बार की चैंपियन कोरिया खिताब बचाने उतरेगी, जबकि तीन बार की चैंपियन भारत एशियाई हॉकी की बादशाहत हासिल करने के इरादे से मैदान में कूदेगी।
भारत की तैयारी और रणनीति
भारतीय कोच क्रेग फुल्टन ने हाई प्रेसिंग और आक्रामक खेल पर जोर दिया है। पेनल्टी कॉर्नर में हरमनप्रीत सिंह और युवा जुगराज सिंह गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। मिडफील्ड में हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह और विवेक सागर की भूमिका अहम होगी। फॉरवर्ड लाइन में अभिषेक, मंदीप सिंह, शिलानंद लालकुंवर और सुखजीत सिंह गोल करने में माहिर हैं। गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक और सूरज करकरे की रोटेशन पॉलिसी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा रही है। घरेलू दर्शकों का साथ भारत को अतिरिक्त ताकत देगा।
हालांकि, भारत को फिनिशिंग में चूक, रिवर्स टॉमहॉक और सर्कल शॉट्स में सटीकता की कमी सुधारनी होगी। साथ ही, तेज काउंटर अटैक झेलते समय दबाव में न आएं, यह चुनौती है।
कोरिया की ताकत और कमजोरियां
दक्षिण कोरिया की टीम अपनी अनुशासित डिफेंस, तेज काउंटर अटैक और पेनल्टी कॉर्नर के लिए जानी जाती है। अनुभवी खिलाड़ी दबाव में संतुलित रहते हैं। जांग जोंगह्यून, किम जुंगहून और ली नामयोंग भारत के लिए सबसे बड़े खतरे हैं। लेकिन कोरिया को आक्रामक खेल में कमी और लगातार गोल करने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
आंकड़ों का साथ भारत के पक्ष में
भारत और कोरिया के बीच एशिया कप में अब तक 21 मैच हुए हैं। भारत ने 10 जीते, कोरिया ने 2 और 9 ड्रॉ रहे। आंकड़े भारत को फायदा देते हैं, लेकिन कोरिया का अनुशासित खेल और अनुभव कोई कम नहीं। सुपर-4 में भारत ने चीन को 7-0 से रौंदा, जबकि कोरिया ने अपने अनुभव से फाइनल में जगह बनाई। राजगीर में दर्शकों का जोश टूर्नामेंट की सफलता का प्रतीक है। राज्य सरकार, खेल विभाग और हॉकी इंडिया के सहयोग से यह आयोजन बिहार में हॉकी का बड़ा उत्सव बन गया। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और आयोजन सचिव रवींद्रन शंकरण की मेहनत सराहनीय है।
आज का शेड्यूल :
- पांचवां-छठा स्थान : जापान vs बांग्लादेश – दोपहर 2 :30 बजे
- तीसरा-चौथा स्थान : मलेशिया vs चीन – शाम 5 :00 बजे
- फाइनल : भारत vs दक्षिण कोरिया – रात 7 :30 बजे
यह फाइनल न सिर्फ खिताब की जंग है, बल्कि एशियाई हॉकी की दिग्गज टीमों का शानदार प्रदर्शन भी होगा। दर्शक राजगीर मैदान में जुटने को तैयार हैं।
Also Read : INDI गठबंधन सिर्फ भारत की आत्मा पर वार कर रहा है : डिप्टी CM सम्राट चौधरी