Bokaro : बोकारो के पेटरवार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 साल की आदिवासी बच्ची के साथ दरिंदगी की गयी। आरोप है कि इस वारदात को कोलकाता-वाराणसी सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगे एक मशीन ऑपरेटर ने अंजाम दिया। आरोपी की पहचान सत्येंद्र यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह पीड़िता के घर के पास ही किराए के मकान में रहकर पत्थर खनन मशीन चलाने का काम करता था।
वारदात उस वक्त हुई जब मासूम के माता-पिता रोजाना की तरह अपनी रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करने बाहर गए हुए थे और बच्ची घर में अकेली थी। आरोप है कि सत्येंद्र ने मौके का फायदा उठाया और जबरन घर में घुसकर बच्ची के साथ दरिंदगी की। जब बच्ची ने अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाया, तो चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी को भागने नहीं दिया और उसे रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा और जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है और आरोपी को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर कड़ा रोष जताते हुए आरोपी को फांसी जैसी सख्त सजा देने की मांग की है।
Also Read : दिशाेम गुरु के बिना पहली बार JMM का स्थापना दिवस समारोह,धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में भव्य आयोजन


