Ramgarh : भुरकुंडा स्थित पीवीयूएनएल में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन एसीसी टू में डक्ट इन प्लेट सील टूटने से वहां काम कर रहे 11 मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद संयंत्र परिसर में कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, पीवीयूएनएल में यूनिट वन और टू के एसीसी टू डक्ट में इन प्लेट सील का कार्य चल रहा था। इस दौरान आरपीपी के नौ और भेल के दो मजदूर काम कर रहे थे। अचानक तकनीकी खराबी के कारण सील टूट गई, जिसकी चपेट में आकर सभी 11 मजदूर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सभी घायलों को तत्काल पीटीपीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायल मजदूरों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घायल मजदूर गढ़वा और पलामू जिले के निवासी हैं।
इधर घटना के बाद पीवीयूएनएल प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया है। वहीं हादसे के बावजूद संयंत्र में अन्य कार्य सामान्य रूप से जारी बताया जा रहा है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही और ठेका कंपनी की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। अगर समय रहते सुरक्षा उपायों का पालन किया जाता तो मजदूरों को चोट नहीं लगती। फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Also Read : एसएसपी के आश्वासन से खत्म हुई वकीलों की हड़ताल, डॉक्टरों का विरोध जारी


