Garhwa : चुटिया पंचायत में 14वें और 15वें वित्त आयोग की योजनाओं में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पंचायत के पूर्व मुखिया और ग्रामीणों ने वर्तमान मुखिया और उनके पति पर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत उपायुक्त (डीसी) से की गई है।
पूर्व मुखिया मिथिलेश यादव ने बताया कि पंचायत में एक जल मीनार लंबे समय से खराब है। जल मीनार लगने के बाद भी ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि जल मीनार की मरम्मत के नाम पर 72 हजार रुपये की गलत तरीके से निकासी की गई है, जबकि पंचायत में 20 से 25 जल मीनार पहले से लगी हुई हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि विधायक फंड से पहले ही बनी सड़क के लिए 15वें वित्त आयोग से करीब 3 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा भौरी गांव में बांध निर्माण के लिए मिले फंड के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया है। ये सभी आरोप वर्तमान मुखिया गीता देवी और उनके पति शंभू गुप्ता पर लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर डीसी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद डीसी दिनेश यादव ने पंचायती राज अधिकारी को जांच का आदेश दिया है। डीसी ने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।


