Ranchi : झारखंड की राजधानी बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। जल्द ही यहां ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत होने जा रही है। इस कैफे में यात्रियों को चाय, नाश्ता और पानी की बोतल जैसी जरूरी चीजें बहुत कम कीमत पर मिलेंगी, जिससे सफर और ज्यादा आसान और किफायती हो जाएगा।
आम यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार के मुताबिक, यह योजना देश के कई बड़े एयरपोर्ट पर पहले से सफलतापूर्वक चल रही है और अब रांची में भी इसे लागू करने की तैयारी है। इसके लिए एयरपोर्ट परिसर में जगह भी चिन्हित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाने-पीने से यात्रियों को राहत देना है। खासकर आम और मध्यम वर्ग के लोगों को इससे काफी फायदा होगा, क्योंकि अब उन्हें ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे।
कई शहरों में पहले से चल रही है सुविधा
‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत देश के कई शहरों में पहले ही हो चुकी है। इनमें जम्मू, चंडीगढ़, अमृतसर, वाराणसी, पटना, कोलकाता, अगरतला, भुवनेश्वर, चेन्नई, पुणे, सूरत और राजकोट जैसे शहर शामिल हैं। इस योजना की शुरुआत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने की थी। इस कैफे की सबसे खास बात इसकी कीमतें हैं। यहां यात्रियों को सिर्फ 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा और 10 रुपये में पानी की बोतल मिलेगी।