Ranchi : मई की शुरुआत होते ही झारखंड का मौसम एकदम बदल गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से पूरे राज्य में मौसम सुहाना हो गया है। जहां कुछ दिन पहले तक तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं अब ठंडी हवा और बादलों ने राहत दे दी है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 मई तक तापमान में गिरावट बनी रह सकती है।
4-5 मई को तेज आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि 4 और 5 मई को राज्य के कई जिलों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है। इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ ही मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
4 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में बादल गरजने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं 5 मई को रांची के साथ-साथ खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कहां कितना रहा तापमान
अगर तापमान की बात करें तो रांची का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीनगर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 38.5 डिग्री तक पहुंच गया। जमशेदपुर और गुमला में 34.9 डिग्री, खूंटी में 32.2 डिग्री और लोहरदगा में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लातेहार में 31.8 और हजारीबाग में 33.0 डिग्री रहा। कोडरमा में 35.0, गढ़वा में 38.0 और रामगढ़ में 34.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। चतरा में 36.0 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चाईबासा में 35.4 और पाकुड़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
Also Read : भागलपुर में देर रात टला बड़ा हादसा, विक्रमशिला पुल का पाया 133 गंगा नदी में गिरा


