Ranchi : नगर निकाय चुनाव के तहत रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत में दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। समाहरणालय स्थित निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्क्रुटनी की गई। जांच के बाद रांची नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए कुल 19 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए हैं। इनमें 5 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। वहीं, नगर निगम के सभी 53 वार्डों के लिए पार्षद पद पर कुल 390 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरेंगे, जिनमें 242 महिलाएं हैं।
बुंडू में भी तैयारियां पूरी
बुंडू नगर पंचायत अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए 7 उम्मीदवार योग्य पाए गए हैं। इसके अलावा वार्ड सदस्य पद पर कुल 50 प्रत्याशियों के नामांकन वैध घोषित किए गए हैं, जिनमें 27 महिलाएं शामिल हैं।
अब शुरू होगी चुनावी सरगर्मी
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार उम्मीदवार 6 फरवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद 7 फरवरी को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही चुनाव प्रचार का दौर तेज हो जाएगा।
पारदर्शी रही जांच प्रक्रिया
अधिकारियों ने बताया कि स्क्रुटनी के दौरान सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और शपथ पत्रों की बारीकी से जांच की गई। किसी भी तरह की त्रुटि पाए जाने पर नामांकन को रद्द किया गया, जबकि सभी योग्य उम्मीदवारों को मान्यता दी गई। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव में भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत करें।
Also Read : सोमवित माजी की शिकायत पर विपक्ष का करारा जवाब, सभी प्रत्याशी हुए बेदाग


