Mumbai : 33 साल बाद एक बार फिर बॉलीवुड का चर्चित विलेन बल्लू पर्दे पर लौटने जा रहा है। खलनायक के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ का टीजर 24 अप्रैल को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया। टीजर में संजय दत्त का लुक पहले से ज्यादा खतरनाक और इंटेंस नजर आ रहा है। चेहरे पर कालिख, खून से सना शरीर और आंखों में खौफ—ये सब देखकर फैंस को पुराने दौर की याद आ गई।
फिल्म के टीजर में कहानी पहले से ज्यादा डार्क और सस्पेंस से भरी दिखाई गई है, जिससे साफ है कि इस बार दर्शकों को ज्यादा थ्रिल देखने को मिलेगा।
टीजर में दिखा खौफनाक अंदाज, ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ की झलक
टीजर की शुरुआत आग और तबाही के सीन से होती है। चारों तरफ लपटें उठती नजर आती हैं और इसी बीच बेड़ियों में जकड़ा एक हाथ दिखता है, जो बल्लू की वापसी का संकेत देता है। इसके बाद संजय दत्त जमीन पर बैठे सिगरेट जलाते नजर आते हैं।
उनका खून और कालिख से भरा चेहरा, लंबे बाल और इंटेंस एक्सप्रेशन किरदार को और ज्यादा डरावना बना रहे हैं। टीजर में मशहूर गाना ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ की झलक भी सुनाई देती है, जो दर्शकों को 90 के दशक की याद दिलाती है।
1993 में आई फिल्म बनी थी सुपरहिट, विवादों में भी रही थी चर्चा
साल 1993 में रिलीज हुई खलनायक उस दौर की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल थी। इसे सुभाष घई ने डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। फिल्म में जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। करीब 5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी, जो उस समय बड़ी सफलता मानी जाती थी। हालांकि, रिलीज के दौरान फिल्म कई विवादों में भी घिरी रही थी, लेकिन इसके बावजूद यह साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही।अब ‘खलनायक रिटर्न्स’ के साथ मेकर्स एक बार फिर उसी जादू को दोहराने की तैयारी में हैं।
Also Read : भूत बंगला बॉक्स ऑफिस: अक्षय कुमार की फिल्म ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा, अब भी जारी है कमाई


