Saraikela : आदित्यपुर के जाने-माने उद्योगपति और आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के उपाध्यक्ष देवान गांधी के बेटे कैरव गांधी के लापता होने से शहर में सनसनी फैल गई है। मंगलवार देर शाम कैरव की कार एनएच-33 पर कांदरबेड़ा के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
जानकारी के अनुसार, कैरव गांधी मंगलवार को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल फोन भी बंद मिला। इसी बीच सूचना मिली कि उनकी कार एनएच-33 पर खड़ी मिली है। कार मिलने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत बिष्टुपुर थाना को इसकी जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की। शुरुआती जांच में कार से किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। कार को जब्त कर लिया गया है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

देवान गांधी की आदित्यपुर में एम्पायर ऑटो प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी है। उनका परिवार बिष्टुपुर के सर्किट हाउस एरिया में रहता है। कैरव गांधी ने मुंबई से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी और करीब छह महीने पहले ही जमशेदपुर लौटे थे। लौटने के बाद वे परिवार के व्यवसाय में सक्रिय रूप से काम कर रहे थे।
घटना की जानकारी फैलते ही उद्योग जगत और शहर के लोगों में चिंता का माहौल है। परिजन कैरव की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही कैरव के बारे में कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है।
Also Read : रांची की 10 प्रमुख सड़कों के लिए बनी डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम


