Ahmedabad : अदाणी ग्रुप ने आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में बड़े निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी ने 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 9 लाख करोड़ रुपये तक सीधे निवेश करने की योजना बनाई है। इस निवेश के तहत साल 2035 तक हाइपरस्केल एआई-रेडी डेटा सेंटर और अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। इसका उद्देश्य भारत को एआई क्रांति में वैश्विक नेतृत्व दिलाना है।
2035 तक एआई इकोसिस्टम का लक्ष्य
अदाणी ग्रुप के अनुसार इस निवेश से सर्वर मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, सॉवरेन क्लाउड प्लेटफॉर्म और सपोर्टिंग इंडस्ट्रीज में लगभग 150 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 14 लाख करोड़ रुपये) का अतिरिक्त निवेश आएगा। इससे इस दशक में भारत में कुल 250 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 22 लाख करोड़ रुपये) का एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम बनने की संभावना है।
डेटा सेंटर और हाइपरस्केल कंप्यूटिंग
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि दुनिया एक नई इंटेलिजेंस क्रांति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि भारत को एआई के क्षेत्र में नेतृत्व करने का अवसर है। अदाणी ग्रुप डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी के जरिए भारत की तकनीकी स्वतंत्रता सुनिश्चित करेगा और पूरे पांच-लेयर एआई स्टैक (एप्लीकेशन, मॉडल, चिप्स, एनर्जी और डेटा सेंटर) में विस्तार करेगा।
प्रमुख पार्टनरशिप और कैंपस
अदाणी ग्रुप गूगल के साथ मिलकर विशाखापत्तनम में सबसे बड़े गीगावाट-स्केल एआई डेटा सेंटर कैंपस का निर्माण करेगा। इसके अलावा नोएडा, हैदराबाद और पुणे में माइक्रोसॉफ्ट के साथ भी एआई डेटा सेंटर बनाए जाएंगे। फ्लिपकार्ट के साथ भी डेटा सेंटर पार्टनरशिप को और गहरा किया जाएगा।
रिन्यूएबल एनर्जी और कार्बन-न्यूट्रल पावर
अदाणी ग्रुप का 30 गीगावॉट का रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट इस निवेश का केंद्र है। कंपनी 55 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 5 लाख करोड़ रुपये) और निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे कार्बन-न्यूट्रल पावर उपलब्ध होगी और ग्लोबल एआई वर्कलोड को सपोर्ट मिलेगा।
आत्मनिर्भर सप्लाई चेन और सुरक्षा
ग्लोबल सप्लाई चेन के जोखिम कम करने के लिए अदाणी ग्रुप घरेलू मैन्युफैक्चरिंग पर भी निवेश करेगा। इसमें हाई-कैपेसिटी ट्रांसफॉर्मर, एडवांस्ड पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और इंडस्ट्रियल थर्मल मैनेजमेंट शामिल हैं। इससे भारत एक डेटा हब के साथ-साथ एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माता और एक्सपोर्टर भी बनेगा।
हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और भारतीय टैलेंट
अदाणी ग्रुप का लक्ष्य है कि भारतीय एआई स्टार्टअप, रिसर्च इंस्टीट्यूशन और डीप-टेक कंपनियों को पर्याप्त कंप्यूट कैपेसिटी मिले। इसके अलावा, बड़े एकेडमिक संस्थानों के साथ मिलकर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स पर रिसर्च लैब और नेशनल फेलोशिप प्रोग्राम भी चलाया जाएगा।
Also Read : सभी वन प्रमंडलों को इको सिस्टम सुधार का टारगेट, संजीव कुमार ने बैठक में लिया अहम फैसला


