Gumla : गुमला शहर के लोहरदगा रोड स्थित डीएवी स्कूल के पीछे धान के खेत से रविवार शाम एक युवक का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर गुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
सोमवार सुबह परिजन थाना पहुंचे, जहां शव की पहचान भलदम चट्टी निवासी 27 वर्षीय प्रगन उरांव के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार, प्रगन शनिवार को लाह टोंगरी मेला घूमने गया था। शाम को घर लौटने के बाद चेटर गांव के नायका उरांव और छोटू उसके घर आए और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
रविवार को खेत में शव मिलने की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के समक्ष पहचान की। परिजनों ने बताया कि मृतक के पीठ पर गोली जैसा निशान और छाती पर खरोंच के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। बताया गया कि प्रगन की शादी वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर दिल्ली चली गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।


