Pakur (Mitthu Yadav) : पाकुड़ जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। हर तरफ खुशियों और अपनापन का माहौल देखने को मिला।
ईदगाहों में उमड़ी भीड़, बच्चों में दिखा खास उत्साह
जिला मुख्यालय के खाजा गरीब नवाज मैदान और तांतीपाड़ा ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। इसके अलावा अलग-अलग प्रखंडों में भी लोगों ने पूरे जोश के साथ ईद मनाई। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, नए कपड़े, मिठाइयां और ईदी ने उनके चेहरे पर अलग ही चमक ला दी।
प्रशासन रहा अलर्ट, डीसी-एसपी ने किया दौरा
त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने जिले के कई मस्जिदों, ईदगाहों और प्रमुख चौक-चौराहों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से मिलकर ईद की बधाई भी दी।
हर प्रखंड में दिखी सतर्कता
महेशपुर प्रखंड में भी प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सक्रिय रहे। बीडीओ, सीओ, एसडीपीओ और पुलिस बल ने इलाके के मस्जिदों और ईदगाहों का निरीक्षण किया। इसी तरह पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा और हिरणपुर समेत अन्य क्षेत्रों में भी शांति और सौहार्द के साथ ईद मनाई गई।
देश में अमन-चैन की मांगी दुआ
नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन, शांति और तरक्की के लिए दुआ मांगी। लोगों ने कहा कि ईद का असली संदेश ही प्यार और भाईचारा फैलाना है।
डीसी और एसपी का संदेश
डीसी मनीष कुमार ने कहा कि ईद प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इसी भावना के साथ त्योहार मनाएं और शांति बनाए रखें। वहीं एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और आम लोगों के सहयोग से ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
Also Read : सरायकेला-खरसावां में ओवरब्रिज से कूदी महिला, कोयले की परत ने बचाई जा’न

