Jamshedpur : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित सरस्वती पूजा के दौरान एक दुखद घटना घटी। पूजा समारोह के बीच यूनियन से जुड़े वरिष्ठ पूर्व अधिकारी जयदेव उपाध्याय (71 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से पूरे समारोह का माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनियन कार्यालय में सुबह करीब 10 बजे सरस्वती पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान जयदेव उपाध्याय को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी। वहां मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर वे डॉक्टरों को अपने दर्द के बारे में बता ही रहे थे कि अचानक बेहोश हो गए। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक लगातार सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यूनियन और परिवार में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम समेत कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
जयदेव उपाध्याय के निधन की खबर फैलते ही यूनियन कार्यालय, टाटा स्टील प्रबंधन और उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई। यूनियन परिसर में मातम का माहौल बन गया और पूजा कार्यक्रम को तुरंत स्थगित कर दिया गया।
अनुभवी अधिकारी थे जयदेव उपाध्याय
बताया गया है कि जयदेव उपाध्याय टाटा स्टील में एचआर विभाग में सीनियर मैनेजर के पद पर लंबे समय तक कार्यरत रहे थे। अपने सौम्य स्वभाव, सरलता और कार्यकुशलता के कारण वे कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें टाटा वर्कर्स यूनियन द्वारा संचालित माइकल जॉन सेंटर का प्रभारी बनाया गया था। इस पद पर उन्होंने करीब 10 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा दी।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह से ही उन्हें हल्का सीने में दर्द था। उन्होंने अपनी पत्नी से कहा था कि पहले पूजा में शामिल होकर लौटेंगे और बाद में डॉक्टर को दिखाएंगे, लेकिन दुर्भाग्यवश यह उनकी अंतिम यात्रा साबित हुई।
शोक संवेदना व्यक्त
यूनियन पदाधिकारियों, टाटा स्टील प्रबंधन और शहर के गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
Also Read : कोयला सिंडिकेट पर शिकंजा, धनबाद में दस साल तक के अफसरों की कुंडली खंगाल रही ईडी

