Palamu : जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। शहर थाना परिसर में 17.63 करोड़ रुपये की लागत से जी प्लस 6 मंजिला नया पुलिस भवन बनाया जाएगा। इस बहुमंजिला भवन में एक ही परिसर में अहातू थाना, साइबर थाना, महिला थाना और एससी-एसटी थाना संचालित होंगे। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, भवन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सभी थाने अलग-अलग मंजिलों पर काम करेंगे। पहले तले पर साइबर थाना, दूसरे तले पर महिला थाना, तीसरे तले पर एससी-एसटी थाना और चौथे तले पर अहातू थाना होगा। इससे पुलिस के कामकाज में बेहतर समन्वय बनेगा और पीड़ितों को एक ही जगह पर सभी जरूरी सेवाएं मिल सकेंगी। अलग-अलग स्थानों पर थाने बनाने की बजाय एक ही भवन में सभी थानों को रखने से जमीन की बचत होगी और निर्माण लागत भी कम आएगी। इससे आम लोगों को भी सुविधा होगी, क्योंकि उन्हें अलग-अलग थानों में नहीं जाना पड़ेगा।
इस भवन का निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से कराया जाएगा। राज्य के आठ जिलों में इस तरह के बहुमंजिला पुलिस भवन बनाए जा रहे हैं, जिनमें पलामू भी शामिल है। भवन में आधुनिक कार्यालय, बैठक कक्ष, रिकॉर्ड रूम, सुरक्षा मानकों के अनुरूप ढांचा और पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था होगी। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उम्मीद है कि जनवरी के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
Also Read : झारखंड में पहली बार बैलेट पेपर से होंगे नगर निकाय चुनाव


