Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजाडीह इलाके में रविवार दोपहर अचानक एक घर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की इस घटना में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि समय रहते घर में मौजूद लड़की बाहर निकल गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित भुनेश्वर प्रसाद का एस्बेस्टस से बना मकान है। रविवार दोपहर वे अपनी पत्नी लक्की प्रसाद के साथ मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। घर में उनकी बेटी अकेली थी। बेटी ने बताया कि वह दूसरे कमरे में काम कर रही थी, तभी अचानक उसे आग की लपटें दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरे घर में धुआं भर गया।
हालात बिगड़ते देख वह तुरंत बाहर भागी और जोर-जोर से चिल्लाकर मोहल्ले के लोगों को बुलाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी, लेकिन गली संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा टीवी, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात और बहन की शादी के लिए रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। घर में रखी नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई।
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस अगलगी में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
Also Read : नगर निगम चुनाव में तकनीकी चूक, 26 हजार से अधिक वोट बेकार, नतीजों पर असर


