Johar Live Desk : मथुरा में दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य में 11 दमकल गाड़ियां और 14 एंबुलेंस लगाई गईं।
दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के चलते एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद पीछे से आ रही कई बसें टकरा गईं और आग फैल गई। हादसे के समय बसों में यात्री भरे हुए थे।
पुलिस का बयान
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे में सात बसें और तीन कारें शामिल थीं। चार लोगों की मौत हुई है और करीब 25 घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और हर संभव मदद की जा रही है।


