Saraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनएच-33 पर नौतनडीह (झाबरी) के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक इलेक्ट्रिक टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि टेंपो पलट गया और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे से आई ट्रेलर की जोरदार टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, रांची से टाटा की ओर जा रहा एक अज्ञात ट्रेलर रांगामाटी से सवारी लेकर चांडिल गोलचक्कर जा रहे इलेक्ट्रिक टेंपो से पीछे से जा भिड़ा। टक्कर लगते ही टेंपो सड़क पर पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सिर पर चढ़ा ट्रेलर का चक्का, मौके पर ही मौत
दुर्घटना में टेंपो में सवार करीब 45 से 50 वर्षीय एक व्यक्ति के सिर पर ट्रेलर का चक्का चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
महिला और दो बच्चे घायल
हादसे में टेंपो चालक समेत एक महिला और दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर टाटा-चौका की ओर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
युवा नेताओं और पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता आकाश महतो और नयन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद चौका थाना के एएसआई भगवान गौड़, कंप्यूटर ऑपरेटर महादेव साहू और चौकीदार रंजीत तांती व सुधीर तांती भी घटनास्थल पर पहुंचे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सरायकेला पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आकाश महतो और पुलिस प्रशासन के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए चावलीबासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
Also Read : RJD दफ्तर में उत्सव का माहौल, ढोल-नगाड़ों के साथ तेजस्वी यादव की हुई एंट्री

