Ranchi : श्री शिव बारात आयोजन केंद्रीय महासमिति, पहाड़ी मंदिर (मुख्य द्वार) की ओर से आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महासमिति के संस्थापक नंद किशोर सिंह चंदेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 15 फरवरी 2026 को हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। शिव बारात पहाड़ी बाबा के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर रांची शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान भोले शंकर और माता पार्वती का विधि-विधान से शुभ विवाह संपन्न कराया जाएगा।
नंद किशोर सिंह चंदेल ने बताया कि इस बड़े धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए हर साल की परंपरा के अनुसार इस बार भी नई कमेटी की घोषणा सर्वसम्मति से की जाएगी। इसके लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। शिव बारात के दौरान कानपुर और झारखंड से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक झांकियां और भक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। पिछली बार की तरह इस वर्ष भी ट्रक और ट्रेलरों पर सजी भव्य झांकियां शिव बारात की शोभा बढ़ाएंगी। आयोजकों के अनुसार कानपुर से आने वाले कलाकारों ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है, ताकि श्रद्धालुओं को भक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम देखने को मिल सके।
महासमिति की ओर से शहरवासियों को शिव बारात में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी केंद्रीय महासमिति अपने कार्यों में जुट गई है और महाशिवरात्रि को निकलने वाली शिव बारात की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
Also Read : साइबर ठगी का ‘बादशाह’ गिरफ्तार, महाराष्ट्र के कारोबारी के म’र्डर का भी है आरोपी


