Latehar : धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत टोरी-शिवपुर रेलखंड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बालूमाथ रेलवे स्टेशन के पास बीसीबीएम कोयला साइडिंग में एक मालगाड़ी की दो बोगियां पटरी से उतर गईं, जिससे चार नंबर लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
मालगाड़ी के डीरेल होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रबंधन हरकत में आ गया। धनबाद रेल मंडल के टीआई संजय कुमार ने बताया कि बरवाडीह जंक्शन से यार्ड की गाड़ियां और तकनीकी टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है। पटरी से उतरी बोगियों को ट्रैक पर लाने का काम तेजी से किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यार्ड कर्मियों और इंजीनियरों की मदद से कुछ घंटों में चार नंबर पटरी पर रेल परिचालन बहाल होने की उम्मीद है, जिससे माल ढुलाई व्यवस्था फिर से सामान्य हो सकेगी।
घटना की जांच के लिए रेलवे के कई विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईटी, पीडब्ल्यूआई, ओएचई, स्टेशन मास्टर सहित अन्य कर्मी संयुक्त रूप से डीरेलमेंट के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खामी, पटरी की स्थिति या मालगाड़ी के लोड से जुड़ी समस्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे ने अभी किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, रांची में निकाली ‘मनरेगा बचाओ’ रैली

